
- कानपुर रायपुरवा के 40 साल पुराने हनुमान मंदिर की मूर्ति खंडित
- सुबह पूजा के लिए पहुंचे पुजारी ने देखा टूटी मूर्ति
- CCTV फुटेज में मंदिर से 100 मीटर दूर संदिग्ध कैद
कानपुर। रायपुरवा क्षेत्र में स्थित करीब 40 वर्ष पुराने श्री हनुमान मंदिर की मूर्ति अराजक तत्वों द्वारा खंडित किए जाने से मंगलवार सुबह माहौल तनावपूर्ण हो गया। सुबह पूजा के लिए पहुंचे पुजारी ने मूर्ति को खंडित अवस्था में देखा तो क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
सुबह पुजारी ने देखा टूटी मूर्ति
मंदिर के पुजारी विजय त्रिवेदी जब सुबह 6 बजे पूजा करने पहुंचे, तो उन्होंने भगवान हनुमान की मूर्ति टूटी हुई पाई। पास में एक ईंट पड़ी थी। घटना की जानकारी तुरंत क्षेत्रीय पार्षद गुड़िया मिश्रा के बेटे अंकित मिश्र और रायपुरवा इंस्पेक्टर संतोष गौड़ को दी गई।
CCTV में दिखा संदिग्ध
सूचना पर डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में मंदिर से 100 मीटर दूर एक संदिग्ध दिखाई दिया है।
मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति पर शक
पुजारी ने बताया कि मंदिर के आसपास अक्सर एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति को घूमते देखा जाता है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आश्वासन दिया है कि जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा पूरी
घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों और पार्षद की मौजूदगी में नई मूर्ति लाकर मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा की गई, जिससे माहौल शांत कराया गया।








