- भाजपा को हराने के लिए गठबंधन की पेशकश
- जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई का किया विरोध
- मस्जिद को नोटिस पर सरकार को घेरा
सहारनपुर। एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी शनिवार शाम सहारनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में दोबारा भाजपा की सरकार नहीं बननी चाहिए और इसके लिए वह गठबंधन करने को तैयार हैं।
ओवैसी ने कहा कि यदि खुद को सेक्युलर बताने वाले दल उन्हें कमजोर समझते हैं, तो यह उनकी गलतफहमी है। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने के लिए सभी विपक्षी दलों को एकजुट होकर काम करना चाहिए।
आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि संस्थान की इमारतों को ध्वस्त करने की कार्रवाई का उद्देश्य मुसलमानों को शिक्षा से दूर रखना है। उन्होंने कहा कि अगर यूनिवर्सिटी की इमारतें तोड़ी जाती हैं, तो यह शिक्षा के खिलाफ कदम होगा।
सहारनपुर की एक मस्जिद को दिए गए नोटिस का जिक्र करते हुए ओवैसी ने कहा कि यह मस्जिद वर्ष 1955 से उत्तर प्रदेश सुन्नी वक्फ बोर्ड में पंजीकृत है। उन्होंने दावा किया कि ‘वक्फ बाय यूजर’ के सिद्धांत को सुप्रीम कोर्ट ने पुराने मामलों में मान्यता दी है, फिर भी मस्जिद को नोटिस दिया जाना चिंताजनक है।
NEET पेपर लीक मामले पर उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उनका कहना था कि लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है।
इसके अलावा ओवैसी ने अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं का भी उल्लेख करते हुए सरकार से जवाब मांगा और आरोप लगाया कि इन मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए नए विवाद खड़े किए जा रहे हैं।









