
- आगरा के शाहदरा क्षेत्र में सुबह हुआ भीषण सड़क हादसा
- तेज रफ्तार मैक्स डिवाइडर से टकराई और पलट गई
- डिवाइडर पर बैठे तीन मॉर्निंग वॉकर्स की मौके पर मौत
आगरा। ट्रांस यमुना क्षेत्र के शाहदरा में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मैक्स गाड़ी डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिससे डिवाइडर पर बैठे तीन मॉर्निंग वॉकर्स की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गाड़ी में फंसे चालक ने भी एक घंटे तक तड़पने के बाद दम तोड़ दिया। हादसे में घायल एक अन्य व्यक्ति का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
डिवाइडर पर बैठे थे मॉर्निंग वॉकर्स, कुचलकर निकली मैक्स
आगरा के निवासी राजेश (55), हरीबाबू (65) और रामेश्वर रोज की तरह सुबह 4 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। टहलने के बाद तीनों डिवाइडर पर बैठकर आराम कर रहे थे। तभी लखनऊ की ओर से तेज रफ्तार में आम से भरी मैक्स बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई और तीनों को कुचलते हुए पलट गई।
मौके पर अफरातफरी, पुलिस ने क्रेन से निकाले शव
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और क्रेन मंगाकर गाड़ी को हटाया गया। दबे हुए तीनों लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी।
गाड़ी में फंसा रहा चालक, एक घंटे तक तड़पता रहा
हादसे के बाद मैक्स का चालक कृष्णा (निवासी-गांव गोला इकतरा, थाना बामरौली) गाड़ी में बुरी तरह फंस गया था। वह एक घंटे तक ‘मुझे बचाओ’ की गुहार लगाता रहा। पुलिस ने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन असफल रहने पर कटर से गाड़ी काटकर उसे निकाला गया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
एक अन्य घायल अस्पताल में भर्ती
मैक्स में कृष्णा के साथ उसका साथी भीम (निवासी-नगला गाड़े, बामरौली) भी सवार था। हादसे में उसे चोटें आई हैं। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद गाड़ी में भरे आम सड़क पर बिखर गए और एक घंटे तक हाईवे पर लंबा जाम लग गया। क्रेन से गाड़ी हटाकर पुलिस ने यातायात सामान्य कराया।
15 साल से रोज साथ टहलते थे पांच दोस्त
रामेश्वर के बेटे रोहित ने बताया कि उनके पिता पिछले 15 वर्षों से रोज सुबह 4 बजे टहलने जाते थे। उनके साथ पांच दोस्त होते थे, लेकिन बुधवार को एक नहीं आया और चौथा साथी थोड़ी दूरी पर आगे निकल गया था, जिससे उसकी जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई दर्दनाक कहानी
मौके पर पहुंचे मुकेश ने बताया, “जब मैं वहां पहुंचा तो तीनों गाड़ी के नीचे दबे थे। चालक बुरी तरह फंसा हुआ था और बार-बार चिल्ला रहा था कि मुझे बचाओ। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद गाड़ी को काटकर शवों और घायलों को निकाला।”








