
अम्बेडकरनगर। पंचायत सहायकों ने विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट के निकट अम्बेडकर प्रतिमा प्रांगण में धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
धरने में बड़ी संख्या में पंचायत सहायक कर्मचारी शामिल रहे। उन्होंने अपनी आर्थिक और कार्य संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
6 हजार मानदेय को बताया अपर्याप्त
पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष शुभम यादव ने कहा कि वर्तमान में उन्हें केवल 6 हजार रुपये मासिक मानदेय दिया जा रहा है। इससे परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश की न्यूनतम मजदूरी दर लागू करने और सम्मानजनक वेतन देने की मांग की।
ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था पर आपत्ति
पंचायत सहायकों ने ऑनलाइन हाजिरी प्रणाली पर भी आपत्ति जताई। उनका कहना है कि उन्हें अपने निजी मोबाइल से उपस्थिति दर्ज करनी पड़ती है, जो व्यवहारिक नहीं है।
उन्होंने कहा कि जब तक सचिव और सफाईकर्मी भी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं करेंगे, तब तक वे ऑफलाइन रजिस्टर से हाजिरी लगाएंगे और ऑनलाइन व्यवस्था का बहिष्कार करेंगे।
OSR धन कटौती पर जताई नाराजगी
धरने में यह भी मुद्दा उठाया गया कि ओएसआर (OSR) का पैसा उनके व्यक्तिगत खातों से काटा जा रहा है। पंचायत सहायकों ने मांग की कि इस व्यवस्था को समाप्त कर इसे ग्राम पंचायत के खाते से जोड़ा जाए।
लखनऊ आंदोलन की चेतावनी
पंचायत सहायकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 15 जून को लखनऊ के इको गार्डन में बड़ा धरना प्रदर्शन किया जाएगा।









