
- कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु व व्यापार बंधु की संयुक्त बैठक
- CDO ने ‘विकसित भारत 2047’ को बताया विकास का लक्ष्य
- मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान पर दिया गया जोर
अंबेडकरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा निर्धारित उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु जिला स्तर पर उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र की सहभागिता को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने की।
विकसित भारत 2047 विजन को बताया मार्गदर्शक
मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक में उपस्थित उद्यमियों, व्यापारियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को “विकसित भारत 2047” के विजन और राज्य सरकार के आर्थिक रोडमैप की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लक्ष्य केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं, बल्कि इसमें निजी क्षेत्र, विशेषकर स्थानीय व्यापारियों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।
युवा उद्यमियों के लिए ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ पर जोर
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास होना चाहिए। जिले में कार्यरत उद्योगपतियों व व्यवसायियों से अपील की गई कि वे योजना के प्रचार-प्रसार और क्रियान्वयन में प्रशासन का सहयोग करें।
‘पीएम सूर्य घर योजना’ को अपनाने का सुझाव
सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने बताया कि व्यापारियों और उद्यमियों को ‘पीएम सूर्य घर योजना’ के अंतर्गत न केवल अपने आवासों बल्कि कारखानों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी सौर ऊर्जा पैनल लगवाने चाहिए। इससे ऊर्जा लागत में कमी आएगी और प्रदेश में ग्रीन एनर्जी उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।








