पतंजलि खरीदेगी मैग्मा जनरल इंश्योरेंस

मैग्मा जनरल इंश्योरेंस का बदलेगा मालिकाना हक

  • IRDAI ने अधिग्रहण को दी मंजूरी
  • करीब ₹4,500 करोड़ में हुई डील
  • पतंजलि खरीदेगी 73.6% हिस्सेदारी

नई दिल्ली। पतंजलि आयुर्वेद और धर्मपाल सत्यपाल (DS) ग्रुप को मैग्मा जनरल इंश्योरेंस में हिस्सेदारी खरीदने के लिए बीमा नियामक IRDAI से मंजूरी मिल गई है। कंपनी ने बुधवार को स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में बताया कि नियामक ने 28 जुलाई 2026 को इस अधिग्रहण को स्वीकृति दे दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह सौदा करीब 4,500 करोड़ रुपए में हुआ है।

पतंजलि बनेगी सबसे बड़ी हिस्सेदार

अधिग्रहण के बाद पतंजलि आयुर्वेद मैग्मा जनरल इंश्योरेंस की 73.6% हिस्सेदारी अपने नाम करेगी। वहीं धर्मपाल सत्यपाल (DS) ग्रुप के पास 24.5% हिस्सेदारी होगी। इसके साथ ही पतंजलि कंपनी की नई प्रमोटर बन जाएगी। इससे पहले कंपनी की सबसे बड़ी हिस्सेदार सनोटी प्रॉपर्टीज (आदार पूनावाला समूह) थी।

मार्च 2025 में शुरू हुई थी डील

मैग्मा जनरल इंश्योरेंस के अधिग्रहण की प्रक्रिया मार्च 2025 में शुरू हुई थी। उस समय पतंजलि के नेतृत्व वाले खरीदार समूह और मौजूदा शेयरधारकों के बीच शेयर परचेज एग्रीमेंट (SPA) पर हस्ताक्षर किए गए थे। बाद में नियामकीय मंजूरी में देरी के कारण इस समझौते की समय-सीमा भी बढ़ाई गई।

16 महीने बाद मिली IRDAI की मंजूरी

करीब 16 महीने तक नियामकीय समीक्षा के बाद अब IRDAI ने इस सौदे को हरी झंडी दे दी है। नियामक की मंजूरी पत्र जारी होने की तारीख से तीन महीने तक मान्य रहेगी। इस अवधि में खरीदार समूह को शेयर ट्रांसफर सहित सभी नियामकीय और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।

इंश्योरेंस सेक्टर में मजबूत होगी पतंजलि की मौजूदगी

सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद मैग्मा जनरल इंश्योरेंस का मालिकाना हक आधिकारिक तौर पर बदल जाएगा। इस अधिग्रहण के साथ ही बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण के नेतृत्व वाले पतंजलि समूह की इंश्योरेंस सेक्टर में मौजूदगी और मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button