अमरावती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को आंध्र प्रदेश के अमरावती पहुंचे। यहां उन्होंने करीब 18 हजार करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें विजयनगरम जिले के भोगपुरम स्थित अल्लूरी सीताराम राजू एयरपोर्ट भी शामिल है।
भोगपुरम एयरपोर्ट का किया निरीक्षण
प्रधानमंत्री ने करीब 5 हजार करोड़ रुपए की लागत से बने भोगपुरम एयरपोर्ट का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं का जायजा लिया। एयरपोर्ट की डिजाइन पारंपरिक ‘चुट्टिलू कॉटेज’ शैली से प्रेरित है।
एयरपोर्ट के नामकरण पर साधा निशाना
रोड शो के बाद सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले देश में एयरपोर्टों के नाम एक ही परिवार के नाम पर रखे जाते थे, लेकिन उनकी सरकार ने इस परंपरा को बदल दिया है।
आंध्र प्रदेश में विकास कार्यों का जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण के नेतृत्व में एनडीए सरकार आंध्र प्रदेश के विकास के लिए डबल स्पीड से काम कर रही है। उन्होंने ब्लू इकोनॉमी, कोस्टल इकोनॉमिक कॉरिडोर, नए बंदरगाहों और रेलवे परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।
मैसूरु में भी करेंगे कार्यक्रम
आंध्र प्रदेश दौरे के बाद प्रधानमंत्री कर्नाटक के मैसूरु पहुंचेंगे, जहां वह श्री रामकृष्ण आश्रम में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र-विवेक स्मारक का उद्घाटन करेंगे।









