
नई दिल्ली/असम/पश्चिम बंगाल: चुनावी माहौल के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। नरेंद्र मोदी ने बुधवार को असम में जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला।
असम में पीएम मोदी का दावा
असम के धेमाजी के गोगामुख में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस बार राज्य में बीजेपी-एनडीए की हैट्रिक लगना तय है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बिना नाम लिए कहा कि “कांग्रेस के सो कॉल्ड राजकुमार की पराजय की सेंचुरी आने वाली है।”
बंगाल में ममता बनर्जी का जवाब
वहीं ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल के बीरभूम में जनसभा के दौरान बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब बंगाल आजादी की लड़ाई में हिस्सा ले रहा था, तब भाजपा का अस्तित्व भी नहीं था।
ममता ने आरोप लगाया कि “वे हमारा पैसा लूट रहे हैं और झूठ बोल रहे हैं। राम नवमी के मौके पर हथियार लेकर निकलते हैं।”
प्रियंका गांधी का असम सरकार पर निशाना
इधर, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने असम के डिब्रूगढ़ में जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि “असम में डबल गुलामी वाली और भ्रष्ट सरकार है। यहां सब कुछ धमकियों के जरिए चलाया जा रहा है। प्रदेश में माफिया राज और सिंडिकेट राज कायम है।”








