वाराणसी से पीएम मोदी ने चलाईं चार नई वंदे भारत ट्रेनें

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इस मौके पर उन्होंने कहा कि “अब विदेशी यात्री भी वंदे भारत को देखकर अचंभित होते हैं। यह ट्रेन भारतीयों की, भारतीयों द्वारा और भारतीयों के लिए बनाई गई है। पहले ये सब विदेशों में होता था, अब हमारे देश में हो रहा है।”

‘नमः पार्वती पतये’ से की शुरुआत

पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत ‘नमः पार्वती पतये’ मंत्र से की। करीब 18 मिनट तक चले भाषण में उन्होंने देश की रेलवे परियोजनाओं, आत्मनिर्भर भारत और आधुनिक परिवहन पर विस्तार से बात की।

बच्चों से की मुलाकात, सुनी कविता

ट्रेन के शुभारंभ के बाद पीएम मोदी ने ट्रेन में स्कूल के बच्चों से मुलाकात की। इस दौरान एक छात्र ने उन्हें कविता सुनाई। प्रधानमंत्री ने बच्चे के कंधे पर हाथ रखकर उसे प्रोत्साहित किया और कविता सुनते हुए चुटकी बजाकर उसकी हौसला-अफजाई की।

इन रूटों पर चलेंगी नई वंदे भारत ट्रेनें

प्रधानमंत्री ने जिन ट्रेनों को रवाना किया, वे निम्न रूटों पर चलेंगी—

  1. वाराणसी–खजुराहो
  2. फिरोजपुर–दिल्ली
  3. एर्नाकुलम–बेंगलुरु
  4. लखनऊ–सहारनपुर

वाराणसी को यह 8वीं वंदे भारत ट्रेन मिली है। यह प्रधानमंत्री मोदी का इस वर्ष का 5वां वाराणसी दौरा और सांसद बनने के बाद 53वां दौरा है।

भव्य स्वागत के बीच पहुंचे बरेका

पीएम शुक्रवार शाम 5 बजे वाराणसी पहुंचे। वे एयरपोर्ट से बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) तक सड़क मार्ग से पहुंचे। 27 किलोमीटर लंबे रूट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button