लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का 25 दिसंबर को पीएम मोदी करेंगे लोकार्पण

लखनऊ। बसंतकुंज योजना में 65 एकड़ में बने कमल आकार के राष्ट्र प्रेरणा स्थल के लोकार्पण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 दिसंबर, गुरुवार को इस भव्य स्थल का उद्घाटन करेंगे। प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियां और भाजपा संगठन ने कार्यक्रम की अंतिम तैयारियां पूरी कर ली हैं। एसपीजी ने कार्यक्रम स्थल को अपने कब्जे में ले लिया है और सुरक्षा के लिहाज से जर्मन हैंगर टेंट को हटा दिया गया है।

प्रधान मंत्री हेलिकॉप्टर के माध्यम से स्थल पर पहुंचेंगे। सबसे पहले वे भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीन दयाल उपाध्याय की 65-65 फीट ऊंची प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद म्यूजियम ब्लॉक का दौरा करेंगे, जहां इन नेताओं के जीवन, संघर्ष और विचारधारा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म देखेंगे।

डॉक्यूमेंट्री देखने के बाद प्रधानमंत्री राष्ट्र प्रेरणा स्थल परिसर में विकसित पार्क जनता को समर्पित करेंगे। इसके बाद मुख्य मंच पर पहुंचकर लोगों को संबोधित करेंगे। उनके भाषण का लाइव प्रसारण शहर के प्रमुख चौराहों पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया जाएगा, ताकि अधिकतम लोग कार्यक्रम से जुड़ सकें।

भव्य फूलों और हरियाली से सजाया गया परिसर
लोकार्पण से पहले पूरे परिसर को विभिन्न राज्यों के फूलों और सजावटी पौधों से सजाया गया है। आंध्र प्रदेश, नैनीताल, दिल्ली और पुणे से करीब डेढ़ लाख पौधे मंगाए गए हैं। गुलाब, गुलदाउदी, जाफरी, मैरीगोल्ड, पैनसूटिया, चांदनी, एरिका पाम, सैल्विया, मैक्सिकन कारपेट ग्रास और मधुकनी जैसे फूलों से परिसर को खूबसूरती से सजाया गया।

प्रतिमाओं के पास कमल आकार के फव्वारे बनाए गए हैं, जिनमें पानी के साथ गुलाब के फूल रखे गए हैं। साथ ही वर्टिकल गार्डन भी लगाए गए हैं, जिससे परिसर की भव्यता और बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button