पीएम मोदी का जम्मू-कश्मीर दौरा- पहलगाम हमले के बाद पहली बार पहुंचे

  • चिनाब ब्रिज का उद्घाटन
  • वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी
  • पाकिस्तान पर सीधा हमला

    श्रीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को पहलगाम आतंकी हमले के बाद पहली बार जम्मू-कश्मीर पहुंचे। उन्होंने रियासी जिले में चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज का तिरंगा दिखाकर उद्घाटन किया। इसके साथ ही अंजी ब्रिज और कटरा से कश्मीर की पहली वंदे भारत ट्रेन को भी रवाना किया।

    कटरा में पीएम मोदी ने 42 मिनट का संबोधन दिया, जिसमें उन्होंने आतंकवाद, पाकिस्तान, गरीब कल्याण और जम्मू-कश्मीर के विकास को लेकर कई अहम बातें कहीं।

    पहलगाम हमला: पाकिस्तान ने कश्मीरियत और इंसानियत पर किया हमला

    प्रधानमंत्री ने 22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले को लेकर पाकिस्तान पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा, “दुर्भाग्य से हमारा पड़ोसी देश मानवता और मेलजोल का विरोधी है। वह गरीब की रोजी-रोटी के खिलाफ साजिश करता है।”
    उन्होंने कहा कि टूरिज्म से जम्मू-कश्मीर के लोग समृद्ध हो रहे थे, लेकिन पाकिस्तान की मंशा थी कि इनकी कमाई रोकी जाए, इसलिए टूरिस्ट्स को निशाना बनाया गया।

    ‘6 मई को पाकिस्तान पर बरसी कयामत’

    मोदी ने कहा, “22 अप्रैल को हमला हुआ और 6 मई की रात हमने उस पर कयामत बरसा दी। पाकिस्तान अब ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का नाम सुनकर कांप उठेगा। आतंक के ठिकाने खंडहर बन चुके हैं।”
    उन्होंने बताया कि पाकिस्तान ने अपनी बौखलाहट में जम्मू, पुंछ और अन्य इलाकों में घर, मंदिर और गुरुद्वारों पर हमले किए, लेकिन देश की जनता और सेना ने डटकर मुकाबला किया।

    वंदे भारत से बदलेगा जम्मू-कश्मीर का भविष्य

    मोदी ने कटरा-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। नॉर्दर्न रेलवे के मुताबिक, यह ट्रेन 7 जून से हफ्ते में 6 दिन चलेगी और 10 घंटे का सफर सिर्फ 3 घंटे में तय करेगी।
    इस रूट पर चेयरकार का किराया ₹715 और एक्जीक्यूटिव क्लास का ₹1320 होगा। फिलहाल ट्रेन केवल बनिहाल में रुकेगी, अन्य स्टॉपेज पर बाद में निर्णय होगा।

    पीएम मोदी बोले- लोगों ने सपने देखना छोड़ दिया था, अब बदल रहा कश्मीर

    प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय था जब आतंकवाद के चलते जम्मू-कश्मीर के लोग सपने देखना छोड़ चुके थे।
    “आज कश्मीर का नौजवान नए सपने देख रहा है। जम्मू-कश्मीर को खेलों और फिल्मों का हब बनते देखना चाहता है। आतंकवाद अब लोगों की नियति नहीं है।”

    विपक्ष पर भी साधा निशाना

    पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा-एनडीए सरकार के 11 वर्षों में 25 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी से बाहर निकले हैं।
    “आज जो लोग एक्सपर्ट बनते हैं, जो दलितों के नाम पर राजनीति करते हैं, उन्हें बताना चाहता हूं कि हमारी योजनाओं से लाभ मेरे दलित, आदिवासी और झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले भाई-बहनों को मिला है। हमारा लक्ष्य है गरीबों और मिडिल क्लास को ताकत देना।”

    11 साल की उपलब्धियों का भी किया जिक्र

    प्रधानमंत्री ने बताया कि 11 साल में देश ने कई अहम उपलब्धियां हासिल कीं:

    • 4 करोड़ गरीबों को घर

    • उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से मुक्ति

    • 5 लाख तक मुफ्त इलाज की आयुष्मान योजना

    • 50 करोड़ से ज्यादा जनधन खाते

    • स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 करोड़ शौचालय

    • जल जीवन मिशन से 12 करोड़ घरों में नल से जल

    संदेश: आतंकवाद पर करारा जवाब, विकास नहीं रुकेगा

    प्रधानमंत्री ने कहा, “आजादी के 77 साल बाद भी बर्फबारी में कश्मीर देश से कट जाता था, लेकिन अब वंदे भारत ट्रेन से यह दूरी कम होगी। आतंकवाद की हर साजिश का जवाब दिया जाएगा। अगर कोई बाधा आएगी, तो उसे मोदी का सामना करना पड़ेगा।”

Related Posts

देश के किसी भी राज्य में मौसम अलर्ट जारी नहीं

देश में मौसम को लेकर राहत की खबर है। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए किसी भी राज्य में कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि पहाड़ी राज्यों में ठंड…

Continue reading
सोनम वांगचुक की रिहाई पर केंद्र सरकार का इनकार

नई दिल्ली। सोनम वांगचुक की हिरासत को लेकर केंद्र सरकार ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में स्पष्ट किया कि फिलहाल उनकी रिहाई संभव नहीं है। सरकार ने कहा कि मेडिकल…

Continue reading