14 बिंदुओं पर की गई समीक्षा, शिकायत निस्तारण और अपराध नियंत्रण की ली गई जाँच
फीलखाना, चमनगंज, बिठूर, शिवराजपुर, ककवन, नर्वल और ग्वालटोली की परफॉरमेंस संतोषजनक नहीं
साउथ जोन प्रदर्शन में सबसे आगे, पूर्वी, पश्चिम और सेंट्रल जोन क्रमशः दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर
कानपुर। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बुधवार को साल 2026 की पहली क्राइम मीटिंग में अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि कानून सबके लिए एक है। उन्होंने कहा, “सचेंडी और बिल्हौर जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। चाहे आम नागरिक हो या पुलिसवाला, किसी को छोड़ा नहीं जाएगा।”
पुलिस कमिश्नर ने यह भी कहा कि दोषी किसी को बचाने का प्रयास किया गया तो कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने रायपुरवा, कर्नलगंज, बिठूर और ककवन थाने को क्राइम कंट्रोल में विफल बताया और कहा कि खुलासे और शिकायतों के निस्तारण में 6 थानेदार फेल हैं। ऐसे में अब कई थानेदारों पर कार्रवाई की संभावना है।
साल 2026 की पहली क्राइम मीटिंग में 14 बिंदुओं पर समीक्षा की गई। पुलिस कमिश्नर ने सबसे पहले आईजीआरएस में प्राप्त शिकायतों और उनके निस्तारण की समीक्षा की। चमनगंज, बिठूर और फीलखाना थानों की परफॉरमेंस संतोषजनक नहीं पाई गई। इसके अलावा इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी, मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई, चोरी, लूट और छिनैती में माल बरामदगी जैसी कार्रवाइयों में कई थानेदारों की परफॉरमेंस कमजोर रही।
विशेषकर फीलखाना, नर्वल, बिठूर, शिवराजपुर, ककवन, चमनगंज और ग्वालटोली थाने निरोधात्मक कार्रवाई में पिछड़े। वहीं रायपुरवा, कर्नलगंज, कल्याणपुर, बिठूर और ककवन इनामी अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में कमजोर निकले।








