
- वर्दी में शराब पीते पुलिसकर्मियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
- वीडियो मॉडल शॉप की कैंटीन में रिकॉर्ड हुआ बताया जा रहा है
- एसपी अभिजीत आर. शंकर ने तुरंत जांच के दिए निर्देश
अम्बेडकरनगर। जनपद अंबेडकरनगर में कानून की रखवाली करने वाले कुछ पुलिसकर्मी खुद ही कानून को ताक पर रखते नजर आए। वर्दी पहने पुलिसकर्मियों का शराब पीते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले में संलिप्त तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
मॉडल शॉप की कैंटीन का बताया जा रहा वायरल वीडियो
वायरल वीडियो अकबरपुर क्षेत्र में टांडा रोड स्थित ब्लॉक कार्यालय के सामने मौजूद एक मॉडल शॉप की कैंटीन का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिस की वर्दी में तीन अधिकारी शराब का सेवन कर रहे हैं। वीडियो सामने आते ही जिलेभर में चर्चा का विषय बन गया और सोशल मीडिया पर यह तेजी से वायरल हुआ।
एसपी ने लिया संज्ञान, तत्काल जांच के दिए निर्देश
वीडियो वायरल होते ही पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए। जांच के बाद वीडियो में दिख रहे तीनों पुलिसकर्मियों की पहचान कर ली गई। इनमें उपनिरीक्षक (एसआई) वीरेंद्र बहादुर]हेड कांस्टेबल पवन]हेड कांस्टेबल विक्रम शामिल हैं। तीनों वर्तमान में पुलिस लाइन में तैनात थे।
तत्काल प्रभाव से निलंबन, विभागीय जांच शुरू
जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। निलंबन की पुष्टि करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) हरेंद्र कुमार ने बताया कि विभागीय अनुशासन और वर्दी की मर्यादा का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।








