क्यों उठाया खौफनाक कदम, क्या हुआ रात में और कैसे उजड़ा परिवार?

पिता ने 3 साल के बेटे की गला रेतकर हत्या की, फिर खुद फंदे से झूला; कारण अब तक साफ नहीं

झांसी। झांसी के रक्सा थानाक्षेत्र के ढिमरपुरा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपने तीन साल के मासूम बेटे की गला रेतकर हत्या कर दी और उसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना देर रात की है। मां आंगन में सो रही थी। करीब 2 बजे उसकी नींद खुली तो बच्चा पास में नहीं मिला। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। जब उसने खिड़की से झांककर देखा तो अंदर का मंजर देखकर चीख पड़ी—बच्चे का खून से लथपथ शव जमीन पर पड़ा था और पति फंदे से लटका हुआ था।

महिला के शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, मृतक प्रेम सिंह रायकवार (38) खेती करता था। उसकी शादी करीब छह साल पहले हुई थी और उसके तीन बच्चे थे। परिजनों का कहना है कि वह शराब का आदी था और घटना वाले दिन भी उसने काफी शराब पी रखी थी। हालांकि, उसने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button