- लखनऊ में BJP कार्यालय के बाहर अखिलेश यादव के खिलाफ पोस्टर
- होर्डिंग में लिखा: “ब्राह्मणों का सम्मान बचाना है, अखिलेश को दूर भगाना है”
- डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक को ब्राह्मण नेता के तौर पर प्रोजेक्ट किया गया
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर पोस्टर वार तेज़ हो गया है। राजधानी लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यालय के बाहर समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ विवादित होर्डिंग्स लगाए गए हैं। इन होर्डिंग्स में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को ब्राह्मण समाज का नेता बताया गया है और सपा प्रमुख पर तीखा हमला बोला गया है।
‘ब्राह्मणों का सम्मान बचाना है, अखिलेश को दूर भगाना है’
बीजेपी कार्यालय के बाहर लगे इन होर्डिंग्स में बड़े अक्षरों में लिखा गया है— “ब्राह्मणों का सम्मान बचाना है, अखिलेश को दूर भगाना है”। यह नारा सीधे तौर पर ब्राह्मण वोट बैंक को साधने और सपा को घेरने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। सियासी गलियारों में इसे आगामी चुनावों से पहले ब्राह्मण समाज को अपने पाले में करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।
ब्रजेश बनाम अखिलेश: ब्राह्मण राजनीति में नई जंग
इन होर्डिंग्स ने ब्रजेश पाठक और अखिलेश यादव के बीच ब्राह्मण राजनीति को लेकर एक नई सियासी जंग की भूमिका तैयार कर दी है। जहां भाजपा ब्राह्मणों के सम्मान और प्रतिनिधित्व को लेकर मुखर दिखाई दे रही है, वहीं सपा की रणनीति को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें-लखनऊ बना RCB का नया ठिकाना- विराट कोहली का इंतज़ार कर रहे फैंस
युवा मोर्चा ने ली जिम्मेदारी
भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के प्रदेश महामंत्री अमित त्रिपाठी ने इन होर्डिंग्स की जिम्मेदारी ली है।








