
- अमित मालवीय ने राहुल गांधी के दो विवादित पोस्टर जारी किए
- पहले में पाक सेना प्रमुख से विचारधारा की तुलना, दूसरे में मीर जाफर बताया
- राहुल पर ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सवाल उठाने का आरोप
नई दिल्ली। बीजेपी नेता अमित मालवीय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। मंगलवार को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर दो विवादित पोस्टर साझा किए, जिनमें राहुल गांधी की तुलना पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल आसिफ मुनीर और मुगल जनरल मीर जाफर से की गई है।
मालवीय ने राहुल पर आरोप लगाया कि उन्होंने “ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता पर प्रधानमंत्री को बधाई तक नहीं दी, उल्टा वे लगातार यह पूछ रहे हैं कि भारत ने कितने एयरक्राफ्ट खोए। इसके जरिए मालवीय ने राहुल की मंशा पर सवाल खड़े किए हैं।
पोस्टर-1: राहुल और पाक सेना प्रमुख की तुलना
पहले पोस्टर में राहुल गांधी और पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल आसिफ मुनीर के चेहरों को जोड़कर उनकी विचारधारा को एक जैसा बताया गया है। इस पोस्टर के साथ मालवीय ने लिखा,
“राहुल प्रधानमंत्री को बधाई नहीं देते, लेकिन बार-बार पूछते हैं कि हमने कितने एयरक्राफ्ट खोए। कभी यह नहीं पूछा कि हमने कितने पाकिस्तानी जेट मार गिराए।”
पोस्टर-2: मीर जाफर से की तुलना
दूसरे पोस्टर में राहुल को मीर जाफर बताया गया है।
पोस्टर में राहुल पाक पीएम शहबाज शरीफ की पीठ पर चढ़े हैं और भारतीय सीमा की ओर झांकते हुए पूछ रहे हैं, “हमने कितने एयरक्राफ्ट खोए?” नीचे शहबाज कह रहे हैं, “तेज़ आवाज़ में पूछो।”
राहुल का आरोप: विदेश मंत्री ने पहले दी थी पाकिस्तान को जानकारी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार विदेश मंत्री एस. जयशंकर पर यह आरोप लगा रहे हैं कि उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर से पहले पाकिस्तान को इसकी जानकारी दी, जिससे भारतीय वायुसेना को नुकसान हुआ। इसको लेकर सोशल मीडिया पर जयशंकर का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसे कांग्रेस नेता बार-बार शेयर कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें-11 राज्यों में मौसम का कहर- आंधी-बारिश और तूफान का अलर्ट
कौन था मीर जाफर?
मीर जाफर 18वीं सदी का एक मुगल जनरल था, जिसे भारतीय इतिहास में विश्वासघात का प्रतीक माना जाता है।
1757 की प्लासी की लड़ाई में मीर जाफर ने अंग्रेजों से गुप्त समझौता कर नवाब सिराजुद्दौला के खिलाफ गद्दारी की थी।
इसके बाद अंग्रेजों ने भारत में अपने शासन की नींव रखी और मीर जाफर को बंगाल का नवाब बनाया।
बीजेपी द्वारा की गई यह तुलना अब सियासी बहस का केंद्र बन चुकी है।








