बरवा नासिरपुर में बिजली संकट गहराया, रात 9 बजे से ठप सप्लाई

एक महीने से लगातार दिक्कत, तीन ट्रांसफार्मर जलने का दावा

अम्बेडकरनगर। अकबरपुर विद्युत वितरण खंड के अंतर्गत मोहल्ला बरवा नासिरपुर में बिजली संकट लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय उपभोक्ताओं के अनुसार क्षेत्र में पिछले एक महीने से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

लोगों का आरोप है कि अब तक तीन ट्रांसफार्मर जल चुके हैं, जिससे बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है और पूरे मोहल्ले को अंधेरे में रहना पड़ रहा है। हाल ही में लगाए गए ट्रांसफार्मर में एमसीबी सिस्टम लगाए जाने की बात भी सामने आई है, जो बार-बार ट्रिप होकर सप्लाई को बंद कर देता है।

रात 9 बजे से बिजली गुल, मरम्मत नहीं हो सकी

शनिवार रात लगभग 9 बजे से मोहल्ले की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई घंटे बीत जाने के बाद भी सप्लाई बहाल नहीं की गई, जिससे पानी, पढ़ाई और दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

जेई पर लापरवाही का आरोप

मोहल्ले के लोगों ने संबंधित जूनियर इंजीनियर सतीश पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि शिकायत करने पर फोन नहीं उठाया जाता और कई बार जवाब भी संतोषजनक नहीं मिलता। लोगों के अनुसार जेई का कहना होता है कि “मैं क्या करूं।”

उपभोक्ताओं में नाराजगी

बिजली संकट से परेशान उपभोक्ताओं में अमित सिंह, स्वामीनाथ, इन्द्रेश वर्मा, सौदागर, अंसार अली, फिरोज, बरकत दादा, पवन गुप्ता और मोहित समेत कई लोग शामिल हैं। क्षेत्रवासियों ने विभागीय अधिकारियों से स्थायी समाधान की मांग की है।

लोगों का कहना है कि बार-बार खराबी और ट्रांसफार्मर जलने की समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है, ताकि नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके और परेशानी से राहत मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button