प्रयागराज में अतीक-अशरफ की कुर्क जमीन बेचने का एक और मामला

7 करोड़ की संपत्ति पर FIR-गैंगस्टर एक्ट में 2008 में कुर्क हुई थी एक एकड़ से ज्यादा जमीन; बाउंड्री जेसीबी से ढहाई

प्रयागराज। प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ से जुड़ी कुर्क संपत्तियों की कथित बिक्री के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। रविवार रात एयरपोर्ट थाने में एक और जमीन की बिक्री को लेकर FIR दर्ज की गई है।

बताया जा रहा है कि करीब एक एकड़ में फैली इस जमीन की कीमत लगभग 7 करोड़ रुपए है। आरोप है कि अतीक-अशरफ के करीबी भूमाफियाओं ने कुर्क संपत्ति की खरीद-फरोख्त की।

2008 में गैंगस्टर एक्ट के तहत हुई थी कुर्की

एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के शाहा उर्फ पीपलगांव में स्थित इस जमीन को 14 जुलाई 2008 को कुर्क किया गया था। पुलिस-प्रशासन के मुताबिक, अपराध से अर्जित संपत्ति होने के कारण गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कार्रवाई की गई थी।

इसके बावजूद जमीन को बेचने और उस पर कब्जा दिलाने की कोशिश का आरोप सामने आया है।

तीन लोगों पर जमीन बेचने का आरोप

लेखपाल मनीष कुमार की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक, जमीन को मो. मुस्लिम, मो. नसरत और आफताब अहमद ने बेचने का प्रयास किया। आरोप है कि बिक्री के बाद जमीन पर कब्जा दिलाने की कोशिश भी की गई।

मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने जमीन पर बनाई गई बाउंड्री को शनिवार को जेसीबी से ध्वस्त करा दिया। यह कार्रवाई एसडीएम की मौजूदगी में की गई।

एयरपोर्ट थाने में दर्ज हुई FIR

बाउंड्री ध्वस्त कराने के बाद लेखपाल की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। इसके आधार पर एयरपोर्ट थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब जमीन की बिक्री, दस्तावेजों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button