- दरोगा ने पहले गंगा पूजन, फिर कमरे में डुबकी और बालकनी से छलांग का वीडियो पोस्ट किया
- खुद को बताया भूतपूर्व राष्ट्रीय तैराक, सोशल मीडिया पर हैं 30 हजार फॉलोअर्स
- वर्दी में कई वीडियो पोस्ट करने को लेकर सवाल, सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहे वीडियो
प्रयागराज। गंगा में आई बाढ़ जहां आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है, वहीं प्रयागराज के एक दरोगा की सोशल मीडिया रील्स ने सबका ध्यान खींच लिया है। दरअसल, प्रयागराज पुलिस में तैनात दरोगा चंद्रदीप निषाद का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह अपनी बेटियों संग घर की दूसरी मंजिल से बाढ़ के पानी में छलांग लगाते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में बैकग्राउंड म्यूजिक के साथ “ये प्रयागराज है” गाना बजता है, जो इस दृश्य को और भी नाटकीय बना देता है। दरोगा ने 1 अगस्त को बाढ़ से जुड़े तीन अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए, जिनमें वे गंगा की पूजा, घर के अंदर डुबकी और बालकनी से छलांग लगाते नजर आए।
पहले वीडियो में वे वर्दी पहने गंगा मां का पूजन करते दिखे, जबकि दूसरे में घर के अंदर घुसे पानी में डुबकी लगाते हुए उन्होंने लिखा— “आज मां गंगा का पूरी तरह से मेरे घर में आगमन हो गया।”
तीसरे वीडियो में दरोगा ने बालकनी से छलांग लगाते हुए चेतावनी दी, “मैं भूतपूर्व राष्ट्रीय तैराक हूं, कृपया ऐसी चीज़ों की नकल न करें।”
दरोगा की सोशल मीडिया पर खासा लोकप्रियता है। फेसबुक पर उनके करीब 30 हजार फॉलोअर्स हैं और उनके वीडियो हजारों बार देखे जा चुके हैं। चंद्रदीप निषाद 2000 से 2002 तक STF का हिस्सा रहे हैं और हाईकोर्ट जज की सुरक्षा में भी रह चुके हैं। वर्तमान में वे प्रयागराज पुलिस में कार्यरत हैं।








