विद्युतनगर (अंबेडकरनगर)। टांडा में आगामी श्री दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में श्री केंद्रीय दुर्गा पूजा महा समिति ने जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक केशव प्रसाद को 25 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर महोत्सव के दौरान आवश्यक सुरक्षा व नागरिक सुविधाओं की मांग की है।
विद्युत आपूर्ति हो निर्बाध, ट्रांसफार्मर बदले जाएं
समिति ने महोत्सव के दौरान 15 सितम्बर से 3 अक्टूबर तक बिजली आपूर्ति को बिना कटौती के बनाए रखने की मांग की है। साथ ही जर्जर तारों और पुराने ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने, जरूरत पड़ने पर मोबाइल ट्रांसफार्मर तैनात करने की आवश्यकता जताई गई है।
विसर्जन दिवस पर विशेष व्यवस्थाओं की दरकार
ज्ञापन में विसर्जन के दिन के लिए हाइड्रा मशीन, समतलीकरण, पेड़ों की छंटाई, विस्तृत सफाई, चूने का छिड़काव और जल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई है। साथ ही विसर्जन स्थलों पर गोता खोर टीम, मोटर बोट और बैरियर लगाए जाने की बात भी कही गई।
सुरक्षा के लिए सीसीटीवी व ड्रोन कैमरे की मांग
जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए समिति ने पूरे आयोजन क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और ड्रोन कैमरे से निगरानी कराने की मांग रखी है। साथ ही एम्बुलेंस, चिकित्सकीय दल, और शोभायात्रा मार्ग पर भारी वाहनों की पूर्ण रूप से रोक लगाने की बात कही गई है।
खुले मांस-मछली की बिक्री पर रोक लगाने की अपील
नवरात्रि के दौरान धार्मिक भावनाओं की रक्षा को ध्यान में रखते हुए, समिति ने खुले मांस और मछली की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग प्रशासन से की है। प्रमुख मार्गों पर सोडियम लाइट लगाए जाने की जरूरत भी ज्ञापन में शामिल की गई है।








