अम्बेडकरनगर। विश्व पर्यावरण दिवस पर जिले में 05 से 21 जून 2026 तक चलने वाले व्यापक जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत श्रवण धाम से की गई। पौराणिक स्थल पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
प्रदेश सरकार के पंचायती राज, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पौधे लगाए।
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडे, विधायक कटेहरी धर्मराज निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला और प्रभागीय वनाधिकारी मौजूद रहे।
‘वृक्ष ही भविष्य की सुरक्षा’: श्रवण धाम से पर्यावरण संदेश
जनसभा में मंत्री ने कहा कि वृक्षारोपण केवल औपचारिकता नहीं बल्कि भविष्य की सुरक्षा का आधार है। उन्होंने लोगों से अपील की कि हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे।
उन्होंने समाज में शिक्षा, विशेषकर बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। जनप्रतिनिधियों ने भी पर्यावरण संरक्षण और पौधों की देखभाल को जन आंदोलन बनाने की बात कही।
पौधशाला निरीक्षण में तैयारियों की समीक्षा
श्रवण धाम कार्यक्रम के बाद मंत्री ने लोरपुर ताजन पौधशाला का निरीक्षण किया। यहां वृक्षारोपण महाभियान के लिए पौधों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई।
वन विभाग ने जानकारी दी कि जिले में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पर्याप्त पौधे उपलब्ध हैं और सभी विभागों को आपूर्ति सुनिश्चित कर दी गई है।
17 दिन का विकास एजेंडा: गांव-गांव पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में पूरे अभियान की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। बताया गया कि यह अभियान केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाया जा रहा है।









