KGMU में नोटिस और तबादले के बीच फेयरवेल पार्टी पर उठे सवाल

नेत्र रोग विभाग में कार्रवाई झेल रहे कर्मचारी के सम्मान समारोह की तैयारी चर्चा में

लखनऊ। लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के नेत्र रोग विभाग में एक कर्मचारी को नोटिस और तबादला दिए जाने के बाद उसके लिए आयोजित की जा रही फेयरवेल पार्टी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। विभाग में इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

जानकारी के अनुसार, ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में बाहरी लैंस, दवाएं और अन्य सामान पहुंचने से रोकने में कथित लापरवाही के आरोप में ओटी में तैनात असिस्टेंट नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट (ANS) को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था। बाद में उनका तबादला दूसरे विभाग में कर दिया गया।

इसी बीच नेत्र रोग विभाग की ओर से संबंधित कर्मचारी के लिए गुरुवार दोपहर बाद फेयरवेल पार्टी आयोजित किए जाने की तैयारी की गई है। विभागाध्यक्ष की ओर से समारोह की सूचना भी जारी की गई है, जिसके बाद इस आयोजन को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं।

गौरतलब है कि हाल ही में नेत्र रोग विभाग में मरीजों को बाहरी लैंस और दवाएं लिखे जाने के आरोपों के चलते एक डॉक्टर को निलंबित किया गया था। इसके बाद ऑपरेशन थिएटर में बाहरी सामान के प्रवेश को लेकर भी जांच शुरू हुई थी। जांच के दौरान ओटी की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी तय करते हुए ANS को नोटिस जारी किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button