
राहुल गांधी ने कहा- गरीबों की सुरक्षा खत्म कर देश का धन अंबानी-अडाणी को दिया जा रहा है
रायबरेली प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया
कांग्रेस पूरे देश में मनरेगा बचाने का आंदोलन चला रही है
रायबरेली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपने छठे रायबरेली दौरे पर मंगलवार को सक्रिय नजर आए। उन्होंने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार सारा पावर अपने हाथों में लेकर गरीबों को भूखा मारना चाहती है। मनरेगा से उनका नाम हटाना सिर्फ अपमान नहीं, बल्कि गरीब जनता की सुरक्षा को खत्म करने की नीति है।
राहुल गांधी ने कहा कि जबकि कांग्रेस मजदूरों और गरीबों की सुरक्षा के लिए प्रयासरत है, मोदी सरकार देश का धन बड़ी कंपनियों अंबानी और अडाणी के हाथों में दे रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पूरे देश में मनरेगा को बचाने के लिए आंदोलन चला रही है और मजदूरों के साथ मजबूती से खड़ी है।
राहुल ने रायबरेली दौरे के दौरान कांग्रेस और सपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने रायबरेली प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से बातचीत की और टॉस के लिए सिक्का भी उछाला। टॉस के बाद राहुल ने चौपाल लगाई और मनरेगा मजदूरों से सीधे संवाद किया।
सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी सोमवार देर रात रायबरेली पहुंचे थे। लोकसभा चुनाव 2024 के बाद यह उनका छठा दौरा है। इससे पहले वे 10 सितंबर 2025 को रायबरेली आए थे।








