
- ग्रामीण हाट-बाजारों में भी दिखा उत्साह, छोटे-बड़े दुकानदारों को मिला लाभ
- शनिवार को सूर्योदय से दोपहर 1:23 बजे तक राखी बांधने का शुभ मुहूर्त
- सजावट और रोशनी से जगमगाए बाजार, व्यापारियों में संतोष, ग्राहकों में उमंग
अंबेडकरनगर। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पर्व रक्षाबंधन आज पूरे जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। शुक्रवार को पर्व की पूर्व संध्या पर जिले के बाजारों में सुबह से ही रौनक छाई रही। शहर से लेकर कस्बों और गांवों तक बाजारों में खरीदारी का सिलसिला देर रात तक चलता रहा।
रंग-बिरंगी राखियों की लगी धूम
अकबरपुर, टांडा, जलालपुर, आलापुर समेत अन्य कस्बों में राखी की दुकानों पर सुबह से ही भीड़ उमड़ पड़ी। बहनों ने परंपरागत सूती और रेशमी धागों के साथ-साथ स्टोनवर्क, जरी कढ़ाई, मोती जड़ित और बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर वाली राखियों की खूब खरीदारी की। बाजार में इस बार ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान के तहत चंदन की खुशबू वाली, डिजिटल मैसेज वाली, आत्मनिर्भर भारत, वंदे मातरम और विकसित भारत थीम की राखियों की भी अच्छी मांग रही। वहीं, बजट को देखते हुए कई लोग चांदी की राखियां भी खरीदते नजर आए।
मिठाई की दुकानों पर लगी लंबी कतारें
रक्षाबंधन पर मिठाई का विशेष महत्व होने से रसगुल्ला, लड्डू, बर्फी और मिल्क केक की बिक्री में भारी इजाफा हुआ। अकबरपुर, टांडा और जलालपुर के प्रमुख मिठाई प्रतिष्ठानों पर सुबह से ही ग्राहकों की लंबी कतारें लग गईं। कई दुकानों ने पर्व के अवसर पर विशेष पैकिंग और ऑफर भी दिए।








