
अम्बेडकरनगर के शिक्षा क्षेत्र अकबरपुर अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय सिझौली फर्स्ट में मंगलवार सुबह ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत जागरूकता रैली और कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राज्य परियोजना कार्यालय, निशातगंज लखनऊ के निर्देश पर आयोजित हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे हुई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार पटेल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। प्रधान संघ अध्यक्ष सिंह ने विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लिया।
निःशुल्क किताबें बांटी, रैली को दिखाई हरी झंडी
मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित कीं। इसके बाद हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया गया। रैली के जरिए “हर बच्चा स्कूल जाए” का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया गया।
रैली में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों ने नारे लगाकर लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दिया शिक्षा का
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षा का महत्व समझाया गया। कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों और ग्रामीणों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
खंड शिक्षा अधिकारी अकबरपुर हिमांशु कुमार मिश्र ने शिक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सभी बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करना जरूरी है। साथ ही बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना भी प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि ‘स्कूल चलो अभियान’ का मुख्य उद्देश्य हर बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। इसके लिए शिक्षकों, अभिभावकों और समाज के सहयोग की जरूरत है।









