यूपी के बेसिक स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां बढ़ीं

योगी सरकार का बड़ा फैसला, अब 24 जून तक बंद रहेंगे परिषदीय और मान्यता प्राप्त विद्यालय

उत्तर प्रदेश सरकार ने बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों की अवधि बढ़ाने का फैसला किया है। बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा के अनुसार अब परिषद और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में हर वर्ष 20 मई से 24 जून तक ग्रीष्मावकाश रहेगा। पहले यह अवकाश 15 जून तक निर्धारित था।

नई व्यवस्था के तहत प्रदेश के सभी बेसिक विद्यालय 25 जून से नियमित रूप से संचालित होंगे। हालांकि शिक्षकों, शिक्षा मित्रों, अनुदेशकों और अन्य कर्मचारियों को 22, 23 और 24 जून को विद्यालय पहुंचकर जरूरी तैयारियां पूरी करनी होंगी।

विद्यालय खुलने से पहले शिक्षकों को परिसर, रसोईघर और शौचालयों की साफ-सफाई सुनिश्चित करनी होगी। इसके अलावा मिड-डे मील की व्यवस्था, पाठ्यपुस्तकों का वितरण, लेसन प्लान तैयार करना, बिजली और पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करना भी उनकी जिम्मेदारी होगी।

शासन की ओर से बाल वाटिका, स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब को भी संचालन योग्य बनाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही खेल सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है, ताकि नए सत्र की शुरुआत व्यवस्थित ढंग से हो सके।

गौरतलब है कि मंगलवार को ही परिषदीय और उच्च प्राथमिक विद्यालयों की पूर्व निर्धारित छुट्टियां समाप्त हुई थीं। कई जिलों में स्कूल खुलने पर शिक्षकों ने बच्चों का रोली और टीका लगाकर स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button