- रामपुर में सुबह हुआ भीषण हादसा
- ईको कार खड़ी डीसीएम में घुसी
- IT कंपनी मालिक समेत 4 की मौत
उत्तर प्रदेश के रामपुर में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में आईटी कंपनी के मालिक समेत चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब युवक उत्तराखंड घूमने के लिए जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे तेज रफ्तार ईको कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी डीसीएम में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
हादसे के बाद मौके का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक घायल युवक खून से लथपथ हालत में मदद की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गैस कटर की मदद से कार को काटकर शवों और घायलों को बाहर निकाला। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे की वजह चालक को झपकी आना बताई जा रही है। मृतकों की पहचान दिल्ली निवासी अभिषेक अग्निहोत्री (30), नीरज (24), गुलबुद्दीन उर्फ सोनू (35) और बागपत निवासी कार्तिक (24) के रूप में हुई है।
अभिषेक अग्निहोत्री नोएडा में ‘इंडियन शॉप’ नाम की आईटी कंपनी चलाते थे। वह अपने कर्मचारियों और दोस्तों के साथ जिम कॉर्बेट पार्क घूमने जा रहे थे।









