
मुंबई। टेलीविजन के इतिहास में मील का पत्थर साबित हो चुका शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ एक बार फिर छोटे पर्दे पर वापसी के लिए तैयार है। स्टार प्लस ने शो का पहला लुक जारी कर दिया है, जिसमें एक बार फिर स्मृति ईरानी तुलसी वीरानी के किरदार में नजर आ रही हैं। 25 साल बाद शो की वापसी को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है।
तुलसी की वापसी पर फैंस का उत्साह चरम पर
स्मृति ईरानी और स्टार प्लस के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से जारी किए गए वीडियो में दिखाया गया है कि कैसे एक परिवार तुलसी के टीवी पर लौटने को लेकर चर्चा करता है। वीडियो में स्मृति ईरानी वही पुराना किरदार निभाते हुए तुलसी के पौधे को पानी देती नजर आ रही हैं। कैप्शन में लिखा गया, “क्या आप अभी भी विश्वास नहीं कर पा रहे? 25 साल बाद तुलसी वीरानी लौट रही हैं एक नई कहानी के साथ।”
29 जुलाई से हर रात आएगा शो
शो की वापसी की पुष्टि के साथ ही इसकी रिलीज डेट भी जारी कर दी गई है। ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ का दूसरा सीजन 29 जुलाई से स्टार प्लस और जियो सिनेमा (हॉटस्टार) पर हर रात 10:30 बजे प्रसारित होगा।
नए सीजन में कौन-कौन होंगे शामिल?
इस बार भी तुलसी के किरदार में स्मृति ईरानी और मिहिर के पुराने चेहरे अमर उपाध्याय की वापसी होगी। हालांकि, पिछली बार मिहिर वीरानी का किरदार निभा चुके रोनित रॉय ने इस सीजन में काम करने से मना कर दिया है। पहले सीजन में अमर उपाध्याय के बाहर होने के बाद रोनित रॉय को मिहिर के रूप में दर्शकों ने खूब पसंद किया था।








