
अंबेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार शैवाल की मौजूदगी में विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान योजना, आशा भुगतान, राष्ट्रीय टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, पोषण अभियान, टीबी उन्मूलन, परिवार नियोजन और संचारी रोग नियंत्रण अभियान की स्थिति देखी गई। कई योजनाओं में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
वेतन रोकने और स्पष्टीकरण के निर्देश
जननी सुरक्षा योजना के भुगतान में देरी पर मेडिकल कॉलेज सदरपुर के दो पटल सहायकों का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। संबंधित उप प्राचार्य को दो दिन में सुधार सुनिश्चित करने को कहा गया। भीटी, बसखारी, रामनगर, जलालपुर और टांडा के ब्लॉक लेखा प्रबंधकों से स्पष्टीकरण मांगा गया और वेतन बाधित करने के निर्देश दिए गए। भीटी के ब्लॉक लेखा प्रबंधक के खिलाफ सेवा से पृथक्करण की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया।
टीकाकरण में कमी पर भी कार्रवाई
टीकाकरण की प्रगति कमजोर मिलने पर जलालपुर के बीपीएम और बसखारी व जहांगीरगंज के एआरओ का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। टांडा के बीसीपीएम से मूल अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया।
आयुष्मान और भुगतान व्यवस्था पर फोकस
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी पात्र लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाए। आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान की अद्यतन सूची नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित करने को कहा गया।
बैठक में संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।








