अंबेडकरनगर। नेशनल हाईवे-128 से सहतु गंज जाने वाला करीब दो किलोमीटर लंबा मार्ग लंबे समय से गड्ढों की समस्या से जूझ रहा है। नवरात्र के दौरान सड़क के गड्ढों में पत्थर की गिट्टी डालकर मरम्मत की गई, लेकिन इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय राहगीरों का आरोप है कि कई जगह गिट्टी वाहनों के आवागमन से बिखर रही है।
कहीं तारकोल-गिट्टी, कहीं सिर्फ पत्थर
स्थानीय लोगों के अनुसार, हाईवे के पास सड़क के किनारे करीब पांच फीट के हिस्से में तारकोल और गिट्टी डालकर मरम्मत की गई। वहीं, सड़क के अन्य हिस्सों में गड्ढों में केवल पत्थर की गिट्टी डाली गई। राहगीरों का कहना है कि गिट्टी सड़क पर टिकने के बजाय बिखर रही है। इससे आवागमन में परेशानी हो रही है और दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
बारिश में ईंटें डालकर भरे गए थे गड्ढे
स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के दौरान गड्ढों को भरने के लिए पहले ईंटें डाली गई थीं। अब नवरात्र के अवसर पर गिट्टी डालकर मरम्मत की गई है। लोगों का कहना है कि पहले भी इसी तरह गिट्टी डालकर मरम्मत की गई थी, लेकिन अगले दिन तक गिट्टी सड़क पर बिखर गई थी।
ऐसे में सड़क की मरम्मत कितने दिन टिकेगी, इस पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों को अब भी मार्ग की बेहतर मरम्मत का इंतजार है।









