अंबेडकरनगर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव के दौरान धनबल और शराब के अवैध इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए प्रवर्तन एजेंसियों को अभी से निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में संवेदनशील निर्वाचन क्षेत्रों (ईएससी) के चिन्हांकन को लेकर जिला इंटेलिजेंस कमेटी (डीआईसी) की बैठक आयोजित की गई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर हुई बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने की। इसमें विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैंक खातों के लेनदेन और नकदी की आवाजाही पर नजर
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने आयकर विभाग और लीड बैंक मैनेजर (एलडीएम) के प्रतिनिधि को बैंक खातों में होने वाले लेनदेन और नकदी की आवाजाही से संबंधित जानकारी पहले से जुटाने के निर्देश दिए। चुनाव के दौरान संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों पर नजर रखने की तैयारी करने को भी कहा गया।
शराब के अवैध परिवहन पर निगरानी के निर्देश
आबकारी विभाग को शराब के अनधिकृत परिवहन और आवाजाही पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही संवेदनशील निर्वाचन क्षेत्रों की पहचान और चुनाव संबंधी निगरानी के लिए सभी प्रवर्तन एजेंसियों के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।
बैठक में सहायक कोषाधिकारी निकुराम वर्मा, आबकारी निरीक्षक अमित कुमार दूबे, आयकर निरीक्षक राकेश कुमार वर्मा, एलडीएम प्रतिनिधि शिवेंद्र सिंह, पुलिस उपाधीक्षक नितिन कुमार तिवारी, तहसीलदार अकबरपुर दिव्या भारती वर्मा और सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. महेश चंद्र द्विवेदी मौजूद रहे।









