समरीन हत्याकांड: पांच दिन बाद बॉयफ्रेंड ने किया सरेंडर

वकील के साथ ACJM कोर्ट पहुंचा अवनीश जायसवाल, पुलिस जल्द रिमांड पर लेकर करेगी पूछताछ

लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में समरीन की मौत के मामले में फरार चल रहे उसके बॉयफ्रेंड अवनीश जायसवाल उर्फ देव ने गुरुवार शाम कोर्ट में सरेंडर कर दिया। वह अपने वकील के साथ एसीजेएम कोर्ट पहुंचा, जहां कानूनी प्रक्रिया के तहत उसे हिरासत में ले लिया गया। पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है।

पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी

एडीसीपी साउथ रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने बताया कि आरोपी को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेने के लिए जल्द ही कोर्ट में अर्जी दी जाएगी। रिमांड मिलने के बाद पुलिस उससे पूछताछ करेगी और मामले से जुड़े तथ्यों का पता लगाने का प्रयास करेगी। पुलिस पिछले पांच दिनों से आरोपी की तलाश में सुल्तानपुर, अयोध्या और उन्नाव में दबिश दे रही थी।

होटल की दसवीं मंजिल से गिरकर हुई थी मौत

24 वर्षीय समरीन सोमवार शाम करीब 6:30 बजे होटल सेलेस्टियल मैन्योर की दसवीं मंजिल से गिर गई थी। वह अवनीश के साथ होटल में रुकी थी। दोनों ने दोपहर करीब 12 बजे चेक-इन किया था। समरीन की मौत के बाद अवनीश मौके से फरार हो गया था।

मां ने लगाया था धक्का देकर गिराने का आरोप

समरीन की मां ने आरोप लगाया था कि अवनीश उनकी बेटी पर शादी करने का दबाव बना रहा था। मना करने पर उसने समरीन को धक्का देकर नीचे गिरा दिया। हालांकि, इस आरोप की पुष्टि जांच के निष्कर्षों से होनी बाकी है।

पोस्टमार्टम में गंभीर चोटों का जिक्र

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, समरीन की मौत गंभीर चोटों के कारण शॉक और हैमरेज से हुई थी। ऊंचाई से गिरने के चलते उसकी कमर और दोनों पैर टूट गए थे, जबकि सिर में भी गंभीर चोट आई थी। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना की परिस्थितियों और अन्य पहलुओं की जांच करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button