
कानपुर देहात। भोगनीपुर तहसील के डीघ गांव स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में 36वां वार्षिकोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। धार्मिक आयोजन की शुरुआत मंगलवार को रामचरित मानस के अखंड पाठ से हुई, जिसका बुधवार को विधिवत समापन किया गया।
वार्षिकोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। सबसे पहले कन्याओं को भोजन कराकर प्रसाद वितरण की शुरुआत की गई। इसके बाद क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन के दौरान मार्ग से गुजरने वाले यात्री भी मंदिर में रुककर संकट मोचन हनुमान के दर्शन करते नजर आए और प्रसाद प्राप्त किया। अखंड रामायण पाठ के विश्राम के बाद पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और “जय बजरंगबली” के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा।
पंडित राजकुमार द्विवेदी ने मंत्रोच्चारण के बीच हवन-पूजन संपन्न कराया, जिसके बाद भगवान हनुमान की महाआरती की गई। ग्रामीणों के अनुसार यह आयोजन पिछले 35 वर्षों से लगातार किया जा रहा है, जिसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।








