पीलीभीत में दीवार पर मिट्टी डालने को लेकर महिलाओं में मारपीट

पीलीभीत। जिले के पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के टंडोला गांव में दीवार पर मिट्टी डालने को लेकर दो पक्षों की महिलाओं के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान दोनों ओर से लात-घूंसे चले और माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना का वीडियो बुधवार दोपहर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी हनीफ ने अपनी दीवार की सुरक्षा के लिए उससे सटाकर मिट्टी डाल दी थी। इसी बात को लेकर निजामुद्दीन और सिराजुद्दीन के परिवार की महिलाओं ने आपत्ति जताई। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गई।

आरोप है कि विवाद के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे पर जमकर लात-घूंसे बरसाए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

घटना के समय किसी ग्रामीण ने पूरी वारदात का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई।

पूरनपुर कोतवाली प्रभारी पवन पांडे ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button