लापता छात्रा का कंकाल मिलने से सनसनी

पिता ने प्रेमी पर हत्या का लगाया आरोप

लखनऊ/सीतापुर। सीतापुर से लापता हुई 19 वर्षीय छात्रा का कंकाल लखनऊ के बीकेटी थाना क्षेत्र में मिलने से सनसनी फैल गई है। परिजनों ने छात्रा के प्रेमी पर अपहरण और हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, मामले में पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार सीतापुर के संदना थाना क्षेत्र निवासी मानसी (19) 25 मई को कॉलेज गई थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पिता महेश ने गांव के ही विशाल पाल और उसकी बहन शिवानी पाल पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया।

महेश की शिकायत पर 28 मई को संदना थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया। आरोप है कि पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते छात्रा को बचाया नहीं जा सका।

शनिवार को लखनऊ के बीकेटी क्षेत्र स्थित आउटर रिंग रोड के पास महिपतपुर जंगल में छात्रा के बाल, चप्पल और मानव अवशेष मिले। परिजनों ने कपड़ों और चप्पलों के आधार पर मृतका की पहचान मानसी के रूप में की।

पीड़ित पिता का कहना है कि बेटी के लापता होने के बाद वह लगातार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर लगाते रहे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके विरोध में उन्होंने ग्रामीणों के साथ धरना भी दिया था।

महेश ने आरोप लगाया कि यदि पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो उनकी बेटी की जान बच सकती थी। उन्होंने मामले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button