यूपी में भीषण गर्मी का कहर, 16 जिलों में हीटवेव अलर्ट

उन्नाव में आंधी-बारिश के दौरान पेड़ गिरने से बुजुर्ग की मौत, 20 जून तक प्रदेश में मानसून की एंट्री के आसार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। सोमवार देर रात राजधानी लखनऊ, उन्नाव और आसपास के कई इलाकों में तेज आंधी और बारिश हुई, जिससे लोगों को अस्थायी राहत मिली। हालांकि उन्नाव में तेज आंधी के कारण कई पेड़ उखड़ गए और एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की पेड़ के नीचे दबने से मौत हो गई। कई गांवों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।

मंगलवार सुबह से प्रदेश के अधिकांश जिलों में फिर तेज धूप निकल आई। बुंदेलखंड और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के जिलों में गर्मी का असर सबसे अधिक देखा जा रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार के लिए प्रदेश के 16 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार बुंदेलखंड और पूर्वांचल के कई जिलों में तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंच सकता है। दिन के समय तेज गर्म हवाएं चलने की भी संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। 11 से 13 जून के बीच प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

अगले 5 दिनों का मौसम

  • 10 जून: पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा, जबकि पूर्वी यूपी में हल्की बारिश और लू की संभावना।
  • 11 जून: प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होंगी, पूर्वी यूपी में बारिश के आसार।
  • 12 जून: प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना।
  • 13 जून: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में रिमझिम बारिश, तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट।
  • 14 जून: पूरे प्रदेश में बारिश और ठंडी हवाओं से गर्मी से राहत मिलने के आसार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button