नई दिल्ली। घरेलू सर्राफा बाजार में 25 जून को सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोने का भाव 2,156 रुपए घटकर 1.40 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। इससे पहले सोना 1.42 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
वहीं चांदी की कीमत में भी भारी गिरावट देखने को मिली है। एक किलो चांदी का भाव 6,550 रुपए टूटकर 2.15 लाख रुपए पर पहुंच गया। खास बात यह है कि पिछले तीन दिनों में ही चांदी करीब 22 हजार रुपए प्रति किलो सस्ती हो चुकी है।
आंकड़ों के अनुसार, जून महीने में सोने के दाम में करीब 16 हजार रुपए और चांदी में 48 हजार रुपए की गिरावट दर्ज की गई है। 1 जून को सोना 1.56 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.63 लाख रुपए प्रति किलो के स्तर पर थी।
इस वर्ष भी दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव देखा गया है। 31 दिसंबर 2025 को सोना 1.33 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम था, जो 29 जनवरी 2026 को बढ़कर 1.76 लाख रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। इसके बाद से अब तक सोना करीब 36 हजार रुपए सस्ता हो चुका है।
इसी तरह चांदी 31 दिसंबर 2025 को 2.30 लाख रुपए प्रति किलो थी और 29 जनवरी 2026 को बढ़कर 3.86 लाख रुपए प्रति किलो के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई थी। इसके बाद 147 दिनों में चांदी के दाम करीब 1.70 लाख रुपए प्रति किलो तक गिर चुके हैं।









