सोना-चांदी के दाम में जोरदार उछाल

24 कैरेट सोना 1.50 लाख और चांदी 2.51 लाख रुपए प्रति किलो पहुंची

नई दिल्ली। देश में 15 जून को सोना और चांदी की कीमतों में बड़ी तेजी दर्ज की गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, एक किलो चांदी की कीमत 8,429 रुपए बढ़कर 2.51 लाख रुपए पर पहुंच गई है। इससे पहले चांदी 2.43 लाख रुपए प्रति किलो के स्तर पर कारोबार कर रही थी।

वहीं, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत में 2,369 रुपए का उछाल आया है, जिसके बाद इसका भाव 1.50 लाख रुपए पर पहुंच गया है। सोने और चांदी की कीमतों में आई इस तेजी ने निवेशकों और खरीदारों दोनों का ध्यान अपनी ओर खींचा है।

जानकारों के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता दोबारा शुरू होने की खबरों के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है। इससे महंगाई को लेकर चिंताएं कुछ कम हुई हैं और डॉलर में कमजोरी देखने को मिली है। ऐसे माहौल में निवेशकों का रुझान फिर से सोने और चांदी जैसी सुरक्षित निवेश वाली धातुओं की ओर बढ़ा है।

इस साल सोना और चांदी दोनों की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। वर्ष 2026 की शुरुआत से अब तक सोना करीब 17 हजार रुपए महंगा हो चुका है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने की कीमत 1.33 लाख रुपए थी, जो अब बढ़कर 1.50 लाख रुपए हो गई है।

इसी तरह चांदी भी इस साल करीब 21 हजार रुपए महंगी हुई है। 31 दिसंबर 2025 को चांदी का भाव 2.30 लाख रुपए प्रति किलो था, जो अब बढ़कर 2.51 लाख रुपए प्रति किलो पर पहुंच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button