अंबेडकरनगर। सहकारी समितियों पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर कटेहरी विकासखंड की अन्नावा सहकारी समिति की जांच की गई। इसमें खाद बिक्री से मिली छह लाख रुपये की धनराशि बैंक खाते में जमा नहीं किए जाने का मामला सामने आया। इस पर समिति के प्रभारी सचिव संदीप दुबे को नोटिस जारी किया गया है।
उप कृषि निदेशक, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता तथा जिला प्रबंधक पीसीएफ की संयुक्त टीम ने समिति का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि सचिव ने उर्वरक की बिक्री के बाद प्राप्त छह लाख रुपये की धनराशि अपने पास रोक रखी है। इसके चलते समिति में खाद की नई खेप मंगाने की प्रक्रिया प्रभावित हुई।
दो दिन में रकम जमा कर खाद मंगाने के निर्देश
प्रशासन ने प्रभारी सचिव को दो दिन के भीतर पूरी धनराशि बैंक खाते में जमा करने और तत्काल खाद की आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में रकम जमा नहीं करने पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता ने बताया कि समितियों पर खाद की उपलब्धता बनाए रखना जरूरी है। बिक्री से प्राप्त धनराशि समय से बैंक में जमा नहीं होने पर नई खाद की खरीद प्रभावित होती है। अन्नावा समिति के मामले में भी समयसीमा तय कर दी गई है। निर्देशों का पालन नहीं होने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









