ओमान तट के पास भारतीय क्रू वाले जहाज पर हमला, लगी आग

MT जलवीर पर अटैक के बाद अलर्ट, भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के संपर्क में

तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन। ओमान के तट के पास गुरुवार को भारतीय क्रू सदस्यों वाले मालवाहक जहाज MT जलवीर पर हमला किए जाने की खबर सामने आई है। हमले के बाद जहाज में आग लग गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमला किसने किया और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।

घटना के बाद ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि वह स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। जहाज पर सवार भारतीयों की सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।

इससे पहले होर्मुज स्ट्रेट के पास तेल टैंकर MT सेत्तेबेल्लो पर हुए हमले में तीन भारतीयों की मौत की पुष्टि हुई थी। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि मृतकों में से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं। अमेरिकी सेना का दावा था कि टैंकर ईरानी तेल लेकर जा रहा था और चेतावनी के बावजूद नहीं रुका, जिसके बाद कार्रवाई की गई।

गौरतलब है कि इस सप्ताह भारतीय क्रू वाले जहाजों पर हमले की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले सोमवार को तेल टैंकर ‘द मैरिवेक्स’ पर भी हमला हुआ था। उस जहाज पर 24 भारतीय नाविक सवार थे, जिन्हें बाद में ओमान की सेना ने सुरक्षित बचा लिया था।

इस बीच पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कई अहम घटनाक्रम भी सामने आए हैं। जॉर्डन ने पांच ईरानी मिसाइलों को मार गिराने का दावा किया है, जबकि ईरान ने अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन को गिराने का दावा किया है। रूस ने अमेरिका और ईरान से संयम बरतने की अपील की है, वहीं कतर ने तनाव कम करने के लिए अपना प्रतिनिधिमंडल तेहरान भेजा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button