
अम्बेडकरनगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के मालीपुर बाजार में एक दुकानदार की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई की घटना सामने आई है। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना शराब ठेके के पास पानी, नमकीन और कोल्ड ड्रिंक बेचने वाले दुकानदार शिवम जायसवाल की दुकान पर हुई। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि कुछ दबंगों ने दुकानदार को घेर लिया और लगातार लाठी-डंडों से हमला किया। हमलावरों ने सिर और शरीर के कई हिस्सों पर वार किए।
हमले में दुकानदार शिवम जायसवाल का बायां हाथ टूट गया है और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित दुकानदार ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत दर्ज कराई है और चार व्यक्तियों को नामजद किया है। उन्होंने न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपीयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और नामजद आरोपियों के आधार पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।








