- टांडा नगर में स्टेशनरी की दुकान में रविवार तड़के भीषण आग
- दुकान पूरी तरह जलकर खाक, आसपास की दुकानों को भी नुकसान
- 9 दमकल गाड़ियों ने घंटों किया प्रयास, आग पर अब भी पूरी तरह काबू नहीं
अम्बेडकरनगर। टांडा नगर के छज्जापुर दक्षिण मोहल्ले में रविवार तड़के भयंकर आग लगने से स्टेशनरी की एक बड़ी दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गई। सिंह ट्रेडर्स के नाम से संचालित इस दुकान में लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की इमारतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। दमकल विभाग की 9 गाड़ियों के घंटों प्रयास के बावजूद समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं हो सका था।
रात 3 बजे शुरू हुआ हादसा, सूचना देने पर भी नहीं उठा फोन
जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह लगभग 3 बजे मोहल्ले के कुछ लोगों ने दुकान के अंदर से धुआं उठता देखा। स्थानीय लोगों ने तत्काल दुकान स्वामी सुरेन्द्र सिंह उर्फ शनि सरदार को फोन किया, लेकिन जवाब नहीं मिला। बाद में उनके घर जाकर उन्हें सूचना दी गई। जब वे लगभग साढ़े तीन बजे मौके पर पहुंचे और शटर खोला, तो आग की लपटें तेजी से बाहर निकलने लगीं।
चार मंजिला इमारत चपेट में, आसपास की दुकानों को भी नुकसान
स्टेशनरी की यह दुकान बेसमेंट समेत कुल चार मंजिला थी, जिसमें किताबें, कापी और स्टेशनरी सामग्री के अलावा गोदाम भी था। आग ने बेसमेंट, ग्राउंड, फर्स्ट और सेकंड फ्लोर को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बगल की इमारतें — सुभाष चंद्र अग्रहरि, राजेश साहू और रविचंद्र गुप्ता की दुकानों को भी भारी नुकसान हुआ है। अनुमान के मुताबिक, कुल 50 लाख रुपये से अधिक की क्षति हुई है।








