
सुल्तानपुर। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव का नाम लिये बगैर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास के लिये ईमानदार सोच के साथ जुटी योगी आदित्यनाथ सरकार की सफलता को देखकर कुछ लोग आपा खो रहे हैं।
मोदी ने 341 किमी लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का लोकार्पण करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुये कहा “ उत्तर प्रदेश को डबल इंजन की सरकार के जब ऐसे लाभ मिलते हैं तो कुछ लोग आपा खो रहे है। उनका विचलित होना स्वाभाविक है। जो अपने समय में असफल रहे वह योगी की सफलता भी नहीं देख पा रहे है। जो देख नही पा रहे है वह पचा कैसे पायेंगे। ऐसी सोच से दूर रहकर सेवा भाव से जुटे रहना हमारी कर्म गंगा है। ”
उन्होने कहा कि सात आठ साल पहले उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था,सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं के भयावह हालात को देखकर आश्चर्य होता था। 2014 में यहां के लोगों के आशीर्वाद से देश की बागडोर संभालने के बाद उन्होने उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास का खाका तैयार किया मगर यूपी की पुरानी सरकार ने साथ नहीं दिया। यहां तक कि मुख्यमंत्री मेरे साथ मंच साझा करने तक में घबराते थे। जब वह यूपी आता था तो सिर्फ एयरपोर्ट पर रिसीव करते थे और उसके बाद पता नहीं कहां गायब हो जाते थे।








