- पुलिस अधीक्षक ने साप्ताहिक परेड में ली सलामी
- आरक्षियों को शस्त्र संचालन और रख-रखाव की दी ट्रेनिंग
- यूपी-112 पीआरवी वाहनों की की गई गहन जांच
अंबेडकरनगर। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने साप्ताहिक परेड के दौरान रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड पर परेड की सलामी ली। सलामी के उपरांत उन्होंने पुलिस बल को दौड़ कराई और टोलीवार ड्रिल का निरीक्षण करते हुए आरक्षियों को परेड की बारीकियों से अवगत कराया।
शस्त्र अभ्यास के साथ दी गई रणनीतिक तैयारी की सीख
परेड के बाद पुलिस अधीक्षक ने आरक्षियों को विपरीत परिस्थितियों से निपटने के लिए शस्त्रों के खोलने और जोड़ने का अभ्यास कराया। इस दौरान हथियारों की सफाई, रख-रखाव और सही संचालन पर विशेष बल दिया गया।
यूपी-112 पीआरवी वाहनों का गहन निरीक्षण
इसके बाद उन्होंने यूपी-112 पीआरवी वाहनों का भी निरीक्षण किया। वाहनों में हेडलाइट, हूटर, इंडिकेटर, फर्स्ट एड किट सहित सभी मानक उपकरणों की उपस्थिति और कार्यशीलता की जांच की गई। संबंधित कर्मियों को इनकी साफ-सफाई और सुचारु स्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
क्वार्टर गार्ड और शस्त्रागार का किया निरीक्षण
पुलिस अधीक्षक ने क्वार्टर गार्ड और शस्त्रागार का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि हथियारों की समय-समय पर जांच, अभिलेखों का अद्यतन रिकॉर्ड और सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
प्रशिक्षणरत रिक्रूट आरक्षियों से की मुलाकात
निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों से भी मुलाकात की गई। पुलिस अधीक्षक ने उन्हें प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन, दक्षता और सतर्कता के महत्व की जानकारी दी और प्रेरणा प्रदान करते हुए कर्तव्यनिष्ठ बनने का आह्वान किया।








