अम्बेडकरनगर। सोमवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी-अपनी शिकायतें प्रस्तुत कीं, जिन पर एसपी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।
एसपी केशव कुमार ने प्रत्येक फरियादी से विस्तारपूर्वक वार्ता कर उनके प्रकरण को समझा और उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी पीड़ित को न्याय से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
एसपी द्वारा संबंधित थाना प्रभारियों और विवेचना अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्राप्त शिकायती प्रार्थना-पत्रों की जांच पूरी निष्पक्षता से की जाए और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित हो। जनसुनवाई में महिला सुरक्षा, भूमि विवाद, पारिवारिक कलह और आपराधिक शिकायतों से संबंधित प्रकरण प्रमुख रूप से सामने आए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य यही है कि आमजन की समस्याओं को सीधे शीर्ष स्तर पर सुना जाए और उन्हें शीघ्र न्याय मिल सके। जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।








