
टांडा, अंबेडकरनगर। नगर पालिका परिषद टांडा द्वारा नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शनिवार को विशेष सफाई अभियान चलाया गया। नगर पालिका अध्यक्ष शबाना नाज तथा उपजिलाधिकारी (न्यायिक) व प्रभारी अधिशासी अधिकारी नीरज गौतम के निर्देश पर वार्ड संख्या 21, मोहल्ला सकरावल पश्चिम में मार्गों, गलियों और नालियों की व्यापक सफाई कराई गई।
अभियान के दौरान नालियों से सिल्ट और गंदगी हटाकर जल निकासी को सुचारु किया गया। सड़क किनारे तथा गलियों में जमा कूड़े-कचरे को हटाकर तत्काल निस्तारण कराया गया। साथ ही वार्ड में कीटनाशक दवाओं और एंटी-लार्वा का छिड़काव कर मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।
खाली पड़ी भूमियों में फैली गंदगी को भी अभियान के दायरे में लिया गया। सफाई कर्मचारियों द्वारा ऐसे स्थलों से कूड़ा हटवाकर क्षेत्र को स्वच्छ किया गया। नगर पालिका की ओर से नागरिकों को स्वच्छता कार्यों में सहयोग करने के लिए जागरूक भी किया गया। लोगों से अपील की गई कि वे कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और नालियों में गंदगी न फेंकें।
नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान केवल एक वार्ड तक सीमित नहीं है। नगर क्षेत्र के अन्य वार्डों में भी प्रतिदिन विशेष सफाई अभियान चलाकर सफाई कार्य कराया जा रहा है। इसके साथ ही फॉगिंग के माध्यम से मच्छरों पर नियंत्रण के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि मौसमी बीमारियों की आशंका को कम किया जा सके।








