अंबेडकरनगर। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद के समस्त विधानसभा क्षेत्रों में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान अहंता तिथि 01.01.2026 के आधार पर 18 जनवरी, 2026 को सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक संपन्न हुआ। अभियान के दौरान बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) और संबंधित निर्वाचन अधिकारी पूरी तत्परता के साथ उपस्थित रहे।
बूथ स्तर पर ड्राफ्ट वोटर लिस्ट का सार्वजनिक पाठ
अभियान के दौरान 277-कटेहरी, 278-टाण्डा, 279-आलापुर, 280-जलालपुर और 281-अकबरपुर विधानसभा क्षेत्रों के समस्त पोलिंग स्टेशनों पर बीएलओ ने ड्राफ्ट वोटर लिस्ट को जनसामान्य के समक्ष पढ़कर सुनाया। मतदाता अपने नाम, पता, आयु और अन्य विवरणों की जांच कर सकते थे। इसके साथ ही सभी बूथों पर पर्याप्त संख्या में फॉर्म 6 (नए मतदाता पंजीकरण हेतु), फॉर्म 8 (नाम में संशोधन हेतु) और डिक्लेरेशन फॉर्म रखे गए।
मतदाता पंजीकरण और निरीक्षण
अभियान के दौरान बीएलओ सुपरवाइजर, सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अपने क्षेत्रों के बूथों का निरीक्षण करते रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने टाण्डा विधानसभा क्षेत्र के कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय सकरवाल और प्राथमिक विद्यालय पंथर, साथ ही अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय (बालिका) बेवाना में औचक निरीक्षण किया।








