- प्राथमिक विद्यालय बंद करने की नीति के खिलाफ सपा का विरोध
- अकबरपुर में हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत
- रामअचल राजभर ने हस्ताक्षर कर अभियान का शुभारंभ किया
अम्बेडकरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्राथमिक विद्यालयों को बंद करने की नीति के विरोध में समाजवादी पार्टी ने सोमवार को हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। यह अभियान अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के कचहरी गेट पर आयोजित कार्यक्रम के साथ प्रारंभ हुआ। नेतृत्व सपा विधानसभा अध्यक्ष प्रवीण कुमार शर्मा व नगर अध्यक्ष बादशाह खान ने किया।
रामअचल राजभर ने किया शुभारंभ
हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व विधायक रामअचल राजभर ने अपने हस्ताक्षर से की। उन्होंने सरकार की नीति को जनविरोधी बताते हुए कहा कि प्राथमिक विद्यालयों को बंद करना संविधान में प्रदत्त शिक्षा के अधिकार का उल्लंघन है। उनका आरोप था कि सरकार वंचित वर्गों को शिक्षा से अलग-थलग करने की दिशा में काम कर रही है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के विरुद्ध है।
नारा गूंजा – “मधुशाला बंद करो, पाठशाला चालू करो”
इस दौरान सपा नेताओं ने पार्टी का नारा “मधुशाला बंद करो, पाठशाला चालू करो” जोर-शोर से दोहराया। उन्होंने कहा कि सरकार को प्राथमिक शिक्षा को बंद करने के बजाय इसे मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।
वकीलों और नागरिकों ने जताया समर्थन
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ता, बुद्धिजीवी और आम नागरिक उपस्थित रहे। उन्होंने हस्ताक्षर कर अभियान को समर्थन दिया। इस मौके पर मोहम्मद सईम, धर्मेंद्र यादव, सपा जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र भास्कर, वरिष्ठ अधिवक्ता राम सुरेश वर्मा, श्याम सुंदर चौहान, जावेद राईन, गुड्डू समेत अनेक लोगों ने भाग लिया।








