
- अन्य आठ शिक्षकों व शिक्षामित्रों से स्पष्टीकरण मांगा गया
- विभाग ने कहा कि शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने और अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी
- जांच अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएग
अम्बेडकरनगर। शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के अनुशासनहीन व्यवहार और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की है। बीएसए प्रवीण तिवारी के निर्देश पर दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि आठ शिक्षकों व शिक्षामित्रों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जिले में शिक्षक वर्ग में अनुशासन सुधारने और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
दो शिक्षकों के निलंबन के बाद हड़कंप
प्राथमिक विद्यालय फतेहपुर नवीन की शिक्षिका आकांक्षा गौतम को सोशल मीडिया पर विद्यालय में छात्रों के साथ रील बनाकर वायरल करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। वहीं, प्राथमिक विद्यालय बदरुद्दीनपुर के सहायक अध्यापक हिमांशु प्रताप को बीएलओ कार्यों में लापरवाही, नशे की हालत में विद्यालय आने तथा लगातार अनुपस्थित रहने के गंभीर आरोपों के बाद निलंबित किया गया है। दोनों शिक्षकों को संबंधित विद्यालयों से हटाकर दूसरे विद्यालयों में अनुशासनिक प्रक्रिया के तहत संबद्ध किया गया है।
हिमांशु प्रताप पर गंभीर आरोप
भियांव के खंड शिक्षा अधिकारी को बीएलओ सुपरवाइजर मोहम्मद अफजल और प्रभारी प्रधानाध्यापक अविनाश गुप्ता ने हिमांशु प्रताप पर गंभीर आरोप लगाते हुए रिपोर्ट भेजी थी। आरोप था कि हिमांशु न तो बीएलओ के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं, न विद्यालय में नियमित आते हैं। साथ ही शराब के नशे में आकर सहकर्मियों को एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देना विद्यालय संचालन को प्रभावित कर रहा है। जांच में भी ये आरोप सही पाए गए, जिसके बाद बीएसए ने तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की।








