अंबेडकरनगर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि शासन द्वारा संचालित सभी स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। यह निर्देश उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक के दौरान दिए।
बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई। इनमें जननी सुरक्षा योजना, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, मातृ मृत्यु दर, परिवार कल्याण, आयुष्मान भारत योजना, कायाकल्प, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, आशा एवं लाभार्थी भुगतान, परिवार नियोजन तथा बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण जैसे प्रमुख बिंदु शामिल रहे।
फरवरी माह के स्वास्थ्य अभियानों की कार्ययोजना पर जोर
जिलाधिकारी ने फरवरी माह में प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। इनमें राष्ट्रीय कृमिमुक्ति दिवस, एमडीए कार्यक्रम तथा एमआर (मीजल्स-रूबेला) अभियान के सुचारू संचालन पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने कहा कि इन अभियानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही जनस्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकती है।
एचआईवी जांच, टीकाकरण और निजी इकाइयों की मैपिंग पर निर्देश
बैठक में बसखारी ब्लॉक के किछौछा क्षेत्र में एचआईवी जांच के लिए विशेष कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही टीकाकरण कार्यक्रम में ओवरड्यू मामलों को समाप्त करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने ब्लॉक स्तर पर संचालित निजी चिकित्सा इकाइयों को एचएमआईएस पोर्टल पर अनिवार्य रूप से मैप कराने के निर्देश दिए, ताकि वहां दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का नियमित डाटा फीड किया जा सके।








